हरियाणा के रोहतक में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर खाना खा रहे युवकों पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस घटना में चार युवकों की मौत हो गई. हैरानी की बात यह है कि वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई. पुलिस इस घटना को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है.
आधी रात ढाबे पर पहुंचे हमलावर
जानकारी के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे कुछ युवक रोहतक के खरावड़ इलाके में स्थित मिलन ढाबे पर खाना खा रहे थे. इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार होकर आए पांच हथियारबंद हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी.
अचानक हुई गोलीबारी से ढाबे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहे चौथे युवक को भी हमलावरों ने निशाना बना लिया.
चारों मृतकों की हुई पहचान
इस वारदात में जान गंवाने वाले चारों युवकों की पहचान सामने आई है. मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का निवासी था. मृतकों की पहचान रिंकू, विनीत, हर्ष उर्फ गंजू और हिमांशु के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
भाऊ और सन्नी गैंग के बीच रंजिश का शक
पुलिस इस वारदात को गैंगवार के एंगल से भी देख रही है. शुरुआती जांच में भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया गुटों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि डीघल गांव में हाल ही में हुई एक युवक की हत्या का इस घटना से कोई संबंध तो नहीं है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक गैंगवार की आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वारदात के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. सीआईए, स्पेशल सेल और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हैं. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.