नई दिल्ली: परिसीमन बिल को लेकर देश की सियासत गरमा गई है. कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए बीजेपी देश की सत्ता पर लंबे समय तक काबिज रहने की कोशिश कर रही है. खरगे ने तंज कसते हुए कहा कि पहले बीजेपी ने ‘400 पार’ का नारा दिया था और अब परिसीमन के बहाने ‘800 पार’ की तैयारी की जा रही है.
दरअसल, संसद के विशेष सत्र से पहले शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई. इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक पर विपक्ष की रणनीति को लेकर चर्चा की गई. बैठक के बाद खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि गठबंधन के सभी दलों ने मिलकर इस विधेयक का विरोध करने का फैसला किया है.
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि केंद्र सरकार जिस तरह से परिसीमन बिल लाने की तैयारी कर रही है, वह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है. उनके मुताबिक, इस विधेयक के जरिए सत्ता को लंबे समय तक अपने हाथ में रखने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि अगर यह विधेयक पास हो गया तो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान पर इसका असर पड़ सकता है. खरगे ने कहा कि बीजेपी पहले 400 पार का नारा दे रही थी, लेकिन अब 800 पार के जरिए सत्ता अपने हाथ में रखने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस विधेयक का एकजुट होकर विरोध करेगा.
SC-ST वर्ग के प्रतिनिधित्व का भी उठाया मुद्दा
कांग्रेस अध्यक्ष ने परिसीमन विधेयक पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विधेयक में SC-ST वर्ग की आबादी के अनुपात में सीटें बढ़ाने का स्पष्ट प्रावधान नहीं है. खरगे का आरोप है कि इससे इन वर्गों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया नई जनगणना के आधार पर होनी चाहिए, ताकि आबादी में हुए बदलाव के मुताबिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सके.
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है. इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है. प्रस्तावित संविधान (132वां संशोधन) विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने और राज्यों की विधानसभा सीटों में भी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. विपक्ष की मांग है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों के भीतर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए और राज्यों के बीच मौजूदा सीटों का अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए. ऐसे में संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन का मुद्दा सरकार और विपक्ष के बीच टकराव का प्रमुख विषय बन सकता है.