महाठग सुकेश चंद्रशेखर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत मिल गई है। यह मामला प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत दर्ज किया गया था और कथित तौर पर एआईएडीएमके के ‘दो पत्ती’ चुनाव चिन्ह से जुड़े केस से संबंधित है। हालांकि जमानत मिलने के बावजूद सुकेश चंद्रशेखर फिलहाल जेल से बाहर नहीं आ सकेगा, क्योंकि उसके खिलाफ कुल 31 मामले दर्ज हैं। इनमें से 26 मामलों में उसे जमानत मिल चुकी है, जबकि बाकी 5 मामलों में अभी भी जमानत मिलना बाकी है।
सुकेश चंद्रशेखर कर्नाटक के बेंगलुरु का रहने वाला है और कम उम्र से ही ठगी के मामलों में शामिल रहा है। बताया जाता है कि 17 साल की उम्र में ही उसे पहली बार धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल भी कई मामलों में उसके साथ आरोपी रही हैं। सुकेश का नाम बॉलीवुड से भी जुड़ा रहा है और वह हाई-प्रोफाइल सर्किल में चर्चा का विषय बना रहा है।
खासतौर पर जैकलीन फर्नांडिस को लिखे गए कथित लव लेटर्स के कारण वह काफी सुर्खियों में रहा। जैकलीन ने इस मामले को लेकर कोर्ट का रुख भी किया था और कहा था कि इस तरह के लेटर्स से उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है। फिलहाल, सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामलों की सुनवाई जारी है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।