मुंबई। निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 13 दिन बाद भी फिल्म की कमाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और हर दिन नए कीर्तिमान बन रहे हैं। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने शुरुआत से ही जबरदस्त ओपनिंग लेकर अपना दबदबा कायम किया था। पहले दिन ही कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ने के बाद, अब दूसरे हफ्ते में भी इसकी रफ्तार बरकरार है। वीकडेज में भी सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
13वें दिन के कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने 27.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 899.92 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो इसे 900 करोड़ क्लब के बेहद करीब ले आता है। फिल्म ने इस कमाई के साथ एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। ‘धुरंधर 2’ दूसरे मंगलवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। इसने अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ के 26 करोड़ रुपये के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है, हालांकि ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड अभी भी इससे आगे बना हुआ है।
वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म का दबदबा ग्लोबल स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,077.41 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि दुनियाभर में यह आंकड़ा 1,435.41 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। गौरतलब है कि कुछ देशों में बैन होने के बावजूद फिल्म ने इतनी बड़ी कमाई कर ली है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। इसी के साथ ‘धुरंधर 2’ इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म ने ग्लोबल टॉप-10 लिस्ट में भी अपनी जगह बना ली है और इंटरनेशनल फिल्मों के बीच अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।