मुंबई। दिलजीत दोसांझ स्टारर फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कई वर्षों की देरी और लंबे विवादों के बाद 3 जुलाई 2026 को OTT प्लेटफॉर्म Zee5 पर रिलीज हुई यह फिल्म अब अचानक प्लेटफॉर्म से हटा दी गई है। फिल्म के हटते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई और कई यूजर्स ने शिकायत की कि फिल्म देखते-देखते अचानक बंद हो गई।
मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन से प्रेरित इस फिल्म को पहले ‘पंजाब 95’ नाम से रिलीज किया जाना था। रिलीज के बाद इसे दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही थी, लेकिन अचानक इसे हटाए जाने से फैंस हैरान हैं।
Zee5 ने जारी किया आधिकारिक बयान
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए Zee5 इंडिया ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी किया। प्लेटफॉर्म ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए फिल्म को फिलहाल भारत में अगले आदेश तक के लिए हटाया गया है। Zee5 ने अपने बयान में कहा कि ‘सतलुज’ को रिलीज के बाद दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला और प्लेटफॉर्म इस फिल्म और उसकी रचनात्मक सोच के साथ मजबूती से खड़ा है। साथ ही यह भी कहा गया कि वे इस फिल्म को दोबारा दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उचित प्रक्रिया के तहत सभी विकल्पों पर काम कर रहे हैं।
फिल्म को हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने नाराजगी जाहिर की। कई यूजर्स ने लिखा कि वे फिल्म देख रहे थे और अचानक स्क्रीन पर कंटेंट अनुपलब्ध होने का मैसेज आने लगा। वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर रिलीज के कुछ ही दिनों बाद फिल्म को क्यों हटाया गया। फिल्म पहले ही कई सालों तक विवादों में फंसी रही थी और लंबे इंतजार के बाद OTT पर रिलीज हो सकी थी। ऐसे में अचानक इसे हटाए जाने से दर्शकों की निराशा बढ़ गई है।
क्या दोबारा रिलीज होगी फिल्म?
Zee5 ने अपने बयान में साफ किया है कि प्लेटफॉर्म फिल्म को दोबारा उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रहा है। कंपनी का कहना है कि वह रचनात्मक स्वतंत्रता और सार्थक कहानियों के समर्थन के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि फिल्म को हटाने के पीछे कानूनी, सेंसर या अन्य कोई वजह है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि ‘सतलुज’ कब और किस रूप में दोबारा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर लौटेगी।