मुंबई। टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया के घर खुशियों ने दस्तक दी है। शादी के करीब 10 साल बाद कपल माता-पिता बन गया है। दिव्यांका ने जुड़वां बेटों को जन्म दिया है, जिसकी जानकारी खुद विवेक दहिया ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस के साथ साझा की।
विवेक दहिया ने अपने पोस्ट में लिखा, “आखिरकार इंतजार खत्म हुआ… हमारे घर दो नन्हे मेहमान आए हैं और जिंदगी पहले से ज्यादा खूबसूरत हो गई है। Div और मैं पेरेंटहुड के इस नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है।”
सोशल मीडिया पर शेयर की खुशखबरी
गुड न्यूज शेयर करते हुए विवेक ने एक खास पोस्ट भी साझा किया, जिसमें दो बच्चों की तस्वीर के साथ लिखा था, “हमने भगवान से खुशियां मांगी थीं, उन्होंने कहा- डबल लो।” इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस और टीवी इंडस्ट्री के सितारे कपल को लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
कुछ महीने पहले किया था प्रेग्नेंसी का ऐलान
दिव्यांका त्रिपाठी ने कुछ समय पहले ही अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी फैंस को दी थी। इसके बाद उन्होंने मैटरनिटी फोटोशूट और बेबी शॉवर की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जिन्हें फैंस ने काफी पसंद किया था।
‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी मुलाकात
दिव्यांका और विवेक की पहली मुलाकात टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और फिर 8 जुलाई 2016 को दोनों ने भोपाल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की थी। अब शादी के एक दशक बाद कपल के घर जुड़वां बेटों की किलकारी गूंजी है।