नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का धरना प्रदर्शन पिछले 16 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी है। पहलवानों की मांग है कि बृजभूषण को गिरफ्तार किया जाए, साथ ही वह इस्तीफा भी दें।
bajrang punia post
इस बीच ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुके पहलवान बजरंग पूनिया के एक पोस्ट ने तहलका मचा दिया है। बजरंग ने कर्नाटक चुनाव को लेकर इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाई और हंगामा होने पर बाद में उसे डिलीट भी कर दिया।
बजरंग पुनिया ने जो स्टोरी लगाई, उसमें हनुमान स्वामी का उदाहरण देते हुए लिखा गया है- मैं बजरंगी हूं। मैं बजरंग दल का समर्थन करता हूं। जय श्री राम। पोस्ट में एक कैप्शन भी था जिसमें तस्वीर को अपने-अपने व्हाट्सएप स्टेटस और डिस्प्ले पिक्चर पर लगाने की अपील की गई थी।
यह कांग्रेस के घोषणापत्र के खिलाफ है जिसमें कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनावों में सत्ता में आने के बाद बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा किया है।
पहलवान WFI चीफ के खिलाफ कर रहे धरना-प्रदर्शन
गौरतलब है कि भारत के लिए कई पदक जीत चुके बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगट समेत कई शीर्ष पहलवान यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, बृजभूषण सिंह के विरोध में शीर्ष पहलवानों के साथ किसान भी शामिल हो गए हैं और रविवार को केंद्र सरकार को अल्टीमेटम दिया।
खाप पंचायत के नेताओं ने प्रदर्शनकारी पहलवानों के साथ सरकार को भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए 15 दिन की समय सीमा दी। उन्होंने WFI चीफ की गिरफ्तारी की मांग की है। बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट के तहत एक मामले समेत दो FIR दर्ज हैं।
