विशाखापत्तनम। यशस्वी जायसवाल भारत के उन चुनिंदा बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जो बाएं हाथ से बैटिंग करते हैं और दोहरा शतक लगाया है। इस खब्बू बल्लेबाज ने वनमैन आर्मी की तरह इंग्लैंड के खिलाफ मोर्चा संभाला और विशाखापत्तनम टेस्ट में भारत की पहली पारी के 396 रनों में से 209 रन बनाते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
दोहरा शतक जड़ने वाले बाएं हाथ के चौथे भारतीय बल्लेबाज
यशस्वी जायसवाल टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सौरव गांगुली, विनोद कांबली और गौतम गंभीर ही इस लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा सके हैं। विनोद कांबली ने सबसे अधिक दो दोहरा शतक जड़ने का कारनामा किया है।
रनों के मामले में गौतम गंभीर को छोड़ा पीछे
दरअसल, यशस्वी जायसवाल ने 290 गेंदों में 19 चौके और 7 छक्के के दम पर 209 रन बनाए। यह भारत के लिए किसी भी बाएं हाथ के बल्लेबाज का चौथा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। गौतम गंभीर के नाम 206 रन थे, जो पूर्व कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2006 में दिल्ली टेस्ट में 206 रनों की पारी खेली थी।
सौरव गांगुली के नाम अभी भी सर्वश्रेष्ठ स्कोर
बाएं हाथ के बल्लेबाजों में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ स्कोर का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के नाम है। उन्होंने 2007 में बेंगलुरु में पाकिस्तान के खिलाफ 239 रनों की पारी खेली थी। ऑफ साइड के भगवान कहे जाने वाले गांगुली का रिकॉर्ड आज भी नहीं टूटा है।
विनोद कांबली के नाम है दो दोहरा शतक
गांगुली के बाद नंबर आता है सचिन तेंदुलकर के दोस्त विनोद कांबली का। कांबली ने 1993 में जिम्बाब्वे के खिलाफ दिल्ली में 227 और मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ 224 रनों की पारी खेली थी।