ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को करारी शिकस्त देकर भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है, जहां उसका सामना अफगानिस्तान से होगा। इस नॉकआउट मुकाबले में टीम इंडिया का लक्ष्य जीत हासिल कर फाइनल का टिकट कटाना होगा। सेमीफाइनल से पहले एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी चर्चा में हैं। पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में उनका बल्ला भले ही शांत रहा हो, लेकिन उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को देखते हुए फैंस को उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीद है।
भारत ने सुपर सिक्स राउंड के आखिरी मैच में पाकिस्तान को 58 रन से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया था। इस मुकाबले में कनिष्क चौहान भारत के सबसे बड़े हीरो रहे। उन्होंने 29 गेंदों में 35 रनों की तेज पारी खेलने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 49.5 ओवर में 252 रन बनाए। इसके जवाब में रन रेट के हिसाब से 33.3 ओवर में 253 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही पाकिस्तान की टीम 194 रन पर सिमट गई।
अब सेमीफाइनल जीतने वाली दो टीमें सीधे खिताबी मुकाबले में पहुंचेंगी। पिछली बार भारत U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा था, लेकिन उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस बार आयुष म्हात्रे की कप्तानी में टीम इंडिया नई ऊर्जा और इरादों के साथ मैदान में उतरेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह अहम सेमीफाइनल मुकाबला 4 फरवरी को खेला जाएगा।
सेमीफाइनल मुकाबले का आयोजन हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे में होगा। मैच दोपहर 1 बजे भारतीय समयानुसार शुरू होगा, जबकि टॉस 12:30 बजे होगा। भारत बनाम अफगानिस्तान U19 सेमीफाइनल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी, जिसके लिए सब्सक्रिप्शन जरूरी होगा। वहीं टीवी दर्शक इस मुकाबले का सीधा प्रसारण Star Sports Network के चैनलों पर देख सकेंगे।
भारतीय अंडर-19 टीम में आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, कनिष्क चौहान, आरएस अंबरीश, दीपेश देवेंद्रन, मोहम्मद इनान, एरॉन जॉर्ज, अभिग्यान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उधव मोहन, हेनिल पटेल, खिलान ए. पटेल, हरवंश सिंह और वेदांत त्रिवेदी शामिल हैं।
अफगानिस्तान U19 टीम की कप्तानी महबूब खान कर रहे हैं। टीम में खालिद अहमदजई, उस्मान सादत, फैसल खान, उजैरुल्लाह नियाजई, अजीज मिया खिल, नजीफ अमीरी, खातिर स्तानिकजई, नूरिस्तानी, अब्दुल अजीज, सलाम खान, वहीद जदरान, जैतुल्लाह शाहीन, रोहुल्लाह अरब और अकील खान ओबैद जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। अब सबकी नजरें इस सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां जीत के साथ टीम इंडिया फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगी।