नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईपीएल इतिहास (IPL) के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24 करोड़ 75 लाख रुपये में मिचेल स्टार्क को अपने खेमे में शामिल कर लिया। आईपीएल 2024 ऑक्शन में जब मिचेल का नाम आया तो सबसे पहले दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस ने बोली की शुरुआत की।
दोनों के पर्स में 11 करोड़ रुपये बचे हुए थे। इसके बाद 10 करोड़ पर दिल्ली कैपिटल्स ने मिचेल को खरीदने से हाथ पीछे कर लिए। फिर ऑक्शन में नई एंट्री हुई केकेआर की।
10.25 करोड़ रुपये की केकेआर ने मिचेल पर पहली बोली लगाई। केकेआर (KKR) की एंट्री देख मुंबई इंडियंस ने भी अपने आप को किनारे कर लिया। फिर गुजरात टाइटंस की एंट्री हुई और केकेआर के साथ उनकी जोरदार जंग देखने को मिली। ये जंग बढ़ती गई और अंत में केकेआर ने बाजी मारते हुए मिचेल को 24 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीद लिया।
बता दें कि मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) को आईपीएल 2014 ऑक्शन में आरसीबी ने 8,88,00 डॉलर में खरीदा था। साल 2014 और साल 2015 में आरसीबी के लिए मिचेल खेले थे। इसके बाद आईपीएल 2016 में आईपीएल सीजन में चोट लगने के चलते वह खेल नहीं पाए और फिर आरसीबी ने उन्हें रिलीज कर दिया था।
इसके बाद से मिचेल ने आईपीएल में हिस्सा नहीं लिया। मिचेल ने आईपीएल से आगे हमेशा देश को चुना। साल 2018 में केकेआर ने 1.8 मिलियन डॉलर में मिचेल को खरीदा था, लेकिन स्टार्क ने आईपीएल खेलने से मना कर दिया था। साल 2019 आईपीएल में चोट के कारण मिचेल ने आईपीएल छोड़ दिया था। मिचेल के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 27 मैच खेलते हुए 34 विकेट लिए हैं।
मिचेल स्टार्क बने आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर
बता दें कि आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर के मामले में मिचेल स्टार्क ने पैट कमिंस को पीछे छोड़ दिया। पैट कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने 20.50 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपने खेमे में शामिल किया।