नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बांग्लादेश पहले ही आधिकारिक रूप से टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है और आईसीसी ने उसके स्थान पर नई टीम को शामिल करने का फैसला भी कर लिया है। इसी बीच अब यह चर्चा तेज हो गई है कि पाकिस्तान की टीम भी इस मेगा इवेंट से हट सकती है।
दरअसल, आईसीसी के फैसले के बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश का खुलकर समर्थन किया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने संकेत दिए थे कि अगर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किया जाता है, तो पाकिस्तान भी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सकता है।
पाकिस्तान का फैसला सरकार के हाथ
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने साफ किया है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने या न खेलने का अंतिम निर्णय देश की सरकार लेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ फिलहाल विदेश दौरे पर हैं और उनके लौटने के बाद ही इस मुद्दे पर अंतिम फैसला होगा।
नकवी ने कहा कि बांग्लादेश के साथ किया गया व्यवहार अनुचित है और सभी टीमों के लिए नियम समान होने चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर सरकार टूर्नामेंट के बहिष्कार का निर्देश देती है, तो बोर्ड उसका पालन करेगा। ऐसी स्थिति में आईसीसी एक अतिरिक्त यानी 22वीं टीम को टूर्नामेंट में शामिल कर सकती है।
पाकिस्तान की जगह कौन?
अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटता है, तो सबसे बड़ा सवाल यही है कि उसकी जगह कौन सी टीम खेलेगी। मौजूदा चर्चाओं के मुताबिक, अगली योग्य रैंकिंग वाली टीम होने के कारण यूगांडा को पाकिस्तान के रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका मिल सकता है।
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज राशिद लतीफ ने भी इसी ओर इशारा किया है। उनके अनुसार, अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर होता है, तो उसकी जगह यूगांडा की टीम को शामिल किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और यूगांडा के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है।
हालांकि, पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटने को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इस बीच पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट की तैयारियों में जुटी हुई है और जल्द ही संभावित टीम की घोषणा भी की जा सकती है।