लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए यूपी टी-20 लीग के मुकाबले में गत चैंपियन काशी रुद्रास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स को 8 विकेट से शिकस्त दी। कानपुर की ओर से कप्तान समीर रिजवी ने नाबाद 71 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी।
164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास ने महज 18.1 ओवर में दो विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ काशी ने सीजन में अपना खाता खोला, जबकि कानपुर सुपरस्टार्स को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।
समीर रिजवी ने संभाली कानपुर की पारी
टॉस जीतकर काशी रुद्रास के कप्तान करन शर्मा ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में कानपुर के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
आदर्श सिंह और प्रियांशु पांडेय ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। आदर्श ने 23 गेंदों पर 22 रन, जबकि प्रियांशु ने 23 गेंदों में 26 रन बनाए। दोनों के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान समीर रिजवी ने मोर्चा संभाल लिया।
रिजवी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरे और कानपुर को 20 ओवर में 4 विकेट पर 163 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
काशी की शुरुआत में लगा झटका
164 रन का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी काशी रुद्रास को तीसरे ओवर में पहला झटका लगा। उवैश अहमद को विनीत पंवार ने अपना शिकार बनाया। उनका कैच कानपुर के कप्तान समीर रिजवी ने शानदार फील्डिंग का प्रदर्शन करते हुए पकड़ा।
इसके बाद अभिषेक गोस्वामी और करन शर्मा ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने शुरुआती कुछ ओवरों में जोखिम नहीं लिया और पावरप्ले के बाद रन गति बढ़ानी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों बल्लेबाजों ने कानपुर के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
135 रन की साझेदारी ने पलटा मैच
करन शर्मा और अभिषेक गोस्वामी ने दूसरे विकेट के लिए शानदार 135 रन जोड़कर काशी की जीत की नींव रख दी। दोनों ने 84 गेंदों में यह साझेदारी पूरी की।
करन शर्मा ने 44 गेंदों में 67 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं अभिषेक गोस्वामी अंत तक क्रीज पर डटे रहे और 52 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए। उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए।
करन के आउट होने के बाद उपेंद्र यादव ने तेजी से रन बनाते हुए सात गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए और काशी ने 18.1 ओवर में 2 विकेट पर 167 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अभिषेक गोस्वामी बने प्लेयर ऑफ द मैच
काशी रुद्रास की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले अभिषेक गोस्वामी को उनकी शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। गत चैंपियन के लिए यह जीत इसलिए भी अहम रही क्योंकि टीम ने मजबूत स्कोर का पीछा करते हुए मुकाबला एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया।