लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के सीजन-4 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। टूर्नामेंट के पांचवें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर लायंस को 36 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
मेरठ की जीत की कहानी पहले स्वास्तिक चिकारा की विस्फोटक बल्लेबाजी और फिर तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की धारदार गेंदबाजी ने लिखी। मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 206 रन बनाए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। जवाब में गोरखपुर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 170 रन ही बना सकी।
चिकारा ने पावरप्ले में ही खोल दिया मोर्चा
गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर मेरठ को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। लेकिन यह फैसला जल्द ही मुश्किल साबित हुआ। स्वास्तिक चिकारा और ऋतुराज शर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया।
मेरठ ने सिर्फ 4.2 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए। पावरप्ले खत्म होने तक टीम का स्कोर 69 रन था। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी।
ऋतुराज शर्मा 30 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे।
चिकारा ने रचा खास रिकॉर्ड
ऋतुराज के आउट होने के बाद भी चिकारा के तेवर नहीं बदले। उन्होंने महज 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद अक्षय दुबे के साथ मिलकर उन्होंने 62 रन की अहम साझेदारी की।
चिकारा ने 45 गेंदों में 82 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने यूपी टी-20 लीग में अपने 100 छक्के भी पूरे कर लिए।
चिकारा लीग में 100 छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी हासिल कर चुके हैं।
18वें ओवर में चिकारा के आउट होने के बाद कप्तान रिंकू सिंह ने तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 25 रन बनाए, जबकि दिव्यांश राजपूत ने 13 रन का योगदान दिया। मेरठ ने अंत में 206 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
गोरखपुर की शुरुआत लड़खड़ाई
207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस की पारी शुरुआत से ही दबाव में रही। टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और 10 ओवर के बाद उसका स्कोर पांच विकेट पर सिर्फ 56 रन था।
सिद्धार्थ यादव ने 22 गेंदों में 40 रन बनाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की। उन्होंने 12वें ओवर में जीशान अंसारी के खिलाफ 19 रन बटोरे। इसके बाद सिद्धार्थ ने निशांत कुशवाहा के साथ 47 रन की साझेदारी कर कुछ उम्मीद जरूर जगाई, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी।
जीशान अंसारी ने 15वें ओवर में सिद्धार्थ को आउट कर गोरखपुर को बड़ा झटका दिया।
चार छक्कों के बाद त्यागी ने दिखाया कमाल
अंतिम ओवरों में निशांत ठाकुर ने मुकाबले में रोमांच पैदा करने की कोशिश की। उन्होंने 18वें ओवर में विशाल चौधरी के खिलाफ लगातार चार छक्के जड़ दिए। हालांकि मेरठ के कार्तिक त्यागी ने अगले ही ओवर में शानदार वापसी की।
त्यागी ने करीब 143 किमी/घंटे की रफ्तार से सटीक यॉर्कर डालकर निशांत ठाकुर को क्लीन बोल्ड कर दिया। उन्होंने अपने चार ओवर में महज 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
मेरठ के गेंदबाजों के सामने गोरखपुर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 170 रन ही बना सकी। इस तरह मेरठ ने 36 रन से मुकाबला जीत लिया।
मैच का अंत भी मेरठ के लिए यादगार रहा। आखिरी गेंद पर कप्तान रिंकू सिंह ने शानदार कैच लपककर गोरखपुर की पारी का अंत किया और अपनी टीम की लगातार दूसरी जीत पर मुहर लगा दी।