लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के कथित तौर पर बातचीत करने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे राष्ट्रगीत का अपमान बताते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से माफी और स्पष्टीकरण की मांग की है।
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ का गायन किया गया। इसी दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के कथित तौर पर आपस में बातचीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत का गायन हो रहा था, उस समय पार्टी के शीर्ष नेता उस पर ध्यान देने के बजाय आपस में बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देशभर में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है और ऐसे समय में कांग्रेस मुख्यालय से सामने आया यह दृश्य बेहद शर्मनाक है।
त्रिवेदी ने कहा कि इस तरह का व्यवहार ‘वंदे मातरम’ के प्रति कांग्रेस की गंभीर अनादर की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की कथित हरकत की कड़ी निंदा करते हुए पार्टी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
अमित मालवीय ने भी साधा निशाना
इससे पहले बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी इस मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि ‘वंदे मातरम’ की शुरुआती पंक्तियां गाए जाने के दौरान सोनिया गांधी कथित तौर पर नाराज नजर आईं और इसे रोकने के लिए कहा गया। मालवीय के मुताबिक, राहुल गांधी ने भी गीत खत्म करने का इशारा किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ का गायन जारी रहेगा।
बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के इस कथित व्यवहार को राष्ट्रगीत के प्रति अनादर बताते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा है। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस की ओर से क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है, इस पर सभी की नजर है।