सीकर। असम विधानसभा चुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा शनिवार को राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा श्याम के दर्शन कर देश की खुशहाली, समृद्धि और अपनी पार्टी की चुनावी सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा।
मंदिर में पहुंचने पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रवि सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। इस दौरान उन्हें श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि असम में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर मजबूत बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को इस बार 90 से 100 सीटों के बीच जीत मिलने की उम्मीद है और जनता का समर्थन लगातार मिल रहा है।
मीडिया द्वारा पवन खेड़ा से जुड़े सवाल पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इस समय धार्मिक यात्रा पर हैं, इसलिए किसी राजनीतिक मुद्दे पर टिप्पणी नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मामला जांच के अधीन है और कानून अपना काम कर रहा है।
खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री Salasar Balaji Temple के लिए रवाना हो गए। इससे पहले मंदिर परिसर में प्रशासन की ओर से भी उनका स्वागत किया गया, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।