लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज 50वां जन्मदिन है। हालांकि योगी होने की वजह से वह अपना जन्मदिन नहीं मनाते हैं। लेकिन उनके प्रशंसक उनके बर्थडे पर उन्हें जरूर जन्मदिन की बधाई देते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें फोन पर बधाई दी। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट के जरिए सीएम योगी को बधाई दी। राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, उत्तर प्रदेश के अत्यंत कर्मठ और लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रदेश के विकास और जन कल्याण के लिए वे समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में उ. प्र. उत्तरोत्तर प्रगति करे यही कामना है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और दीर्घायु करें।
वहीं यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री योगी को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया कि ओजस्वी वक्ता व कर्मठ व्यक्तित्व के धनी एवं उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, आपको जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।