लखनऊ। कोरोना वायरस को हराने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान जारी है। सरकार की ओर से फिलहाल वैक्सीनेशन अभियान में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वॉरियर्स को वैक्सीन की खुराक दी जा रही है। लेकिन वैक्सीन को लेकर कुछ अभी भी संकोच कर रहे हैं।
इस भ्रम और संकोच को लोगों के मन से दूर करने के लिए अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी में है। योगी सरकार अगले सप्ताह से सूबे में वैक्सीन के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए अभियान चलाएगी। सूबे में जगह-जगह पर पोस्ट और वॉल राइटिंग होगी।
साथ ही टीवी, रेडियो और न्यूजपेपर के जरिए भी लोगों को जागरुक किया जाएगा। इससे पहले उत्तर प्रदेश में वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में शुक्रवार (22 जनवरी, 2021) को 1537 केन्द्रों व बूथों पर टीकाकरण का आयोजन किया गया।
लखनऊ में इतने स्वास्थयकर्मियों को लगा टीका
दूसरे चरण के बाद जारी रिपोर्ट के मुताबिक लखनऊ में 4833 स्वास्थ्यकर्मियों को अब तक टीका लग चुका है। यह आंकड़ा प्रदेश में सबसे ज्यादा है, लेकिन कुल लक्ष्य का यह महज 58% है। ऐसा तब है, जब खुद मुख्यमंत्री और चिकित्सा के दो कैबिनेट मंत्रियों ने यहां निरीक्षण किया था। सभी प्रमुख सचिव समेत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक भी यहीं तैनात हैं और खुद वैक्सिनेशन करवाने जा रहे हैं।