नई दिल्ली। अमेरिका में कोरोना वायरस एक बार फिर से कहर बरपा रहा है। बीते 24 घंटे में कोविड-19 के नए मामले में इजाफा देखने को मिला है। बीते कई दिनों से यहां कोरोना के मामले 1 लाख से ज्यादा दर्ज किए जा रहे हैं।
पिछले 24 घंटे में यहां 120,945 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 599 लोगों से ज़्यादा लोगों की मौत का आंकड़ा दर्ज हुआ है। बता दें कि वैक्सीन की सेकेंड डोज लगने के बाद अमेरिकी गवर्नमेंट ने लोगों को मास्क फ्री रहने की अनुमति दे दी थी।
लेकिन डेल्टा वैरिएंट वक्सीनेटेड लोगों को भी टारगेट कर रहा है। इस बार का वैरिएंट पिछले वैरिएंट्स से भी ज़्यादा शक्तिशाली है। कोरोना के बढ़ते मामलों से अमेरिका में थर्ड वेव आने की आशंका बढ़ गई है।
गौरतलब है कि दुनिया में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका देश है। यहां अब तक 3 करोड़ 63 लाख से ज्यादा लोगों को यह खतरनाक वायरस अपना शिकार बना चुका है। इस देश में कोरोना से 6 लाख 31 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
बढ़ते मामलों के बीच अमेरिका के टॉप कोरोना वायरस सलाहकार डॉ एंथोनी फाउची ने बड़ी संख्या में कोविड के मरीजों के सामने आने के बाद चिंता जाहिर की है।
उन्होंने बुधवार को कहा कि देश में कोविड -19 मामले दोगुने हो सकते हैं क्योंकि यहां डेल्टा के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। फाउची ने कहा, अगर देश में कोरोना के मामले इसी तरह बढ़ते रहे तो सर्दियों तक अमेरिका में वायरस का प्रकोप देखने को मिलेगा।
फाउची ने कहा, “हाल के आंकड़ों से पता चलता है कि टीकाकरण करवा चुके लोग भी इस वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। वे इसे दूसरो तक फैला सकते हैं।कई मामलों में लोगों में इसके लक्षण नहीं दिख रहे हैं या लोग बेहद कम लक्षणों का सामना कर रहे हैं। इस समय हम एक बिल्कुल अलग वायरस से निपट रहे हैं।”