नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के नए केस में एक बार फिर उछाल दर्ज किया गया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 42,625 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 36,668 लोगों ने इस इस खतरनाक बीमारी से जंग जीती है।
ये आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए हैं। इसके अनुसार बीते 24 घंटे में 562 लोगों की जान चली गई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में करीब 9,000 की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
भारत में मौजूदा समय में 4.10 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। सबसे ज्यादा चिंता केरल बढ़ा रहा है। यहां मंगलवार को 23,676 नए मामले सामने आए। सोमवार को यह आंकड़ा 13,984 था। राज्य के एक्टिव केस में भी 9,959 का इजाफा हुआ है।
अब यहां 1.73 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं, महाराष्ट्र में भी कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है। महाराष्ट्र में रोजना कोरोना के नए मामले करीब सात हजार तक पहुंच रहे हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने बताया कि तीन अगस्त तक 47,31,42,307 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से 18,47,518 नमूनों का परीक्षण मंगलवार को किया गया है।