पटना| पटना में चर्चित कोचिंग विवाद और गोलीकांड मामले में शिक्षक खान सर ने शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पिछले कई दिनों से उनकी गिरफ्तारी की चर्चाएं तेज थीं और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। खान सर के वकील की ओर से पुष्टि की गई कि वह कोर्ट परिसर पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया के तहत आत्मसमर्पण किया। इससे पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि पुलिस उन्हें कभी भी गिरफ्तार कर सकती है।
हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में दर्ज है केस
मामला पटना के मुसल्लहपुर इलाके में स्थित कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग और हंगामे से जुड़ा है। घटना के बाद कदमकुआं थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, खान सर के सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ में दावा किया कि उन्होंने उनके निर्देश पर गोली चलाई थी। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।
कोचिंग सेंटर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात
शुक्रवार शाम से ही कोचिंग संस्थान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। देर रात तक छात्रों की भीड़ कोचिंग सेंटर के बाहर जुटी रही और माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के जरिए छात्रों से घर लौटने की अपील करती रही, लेकिन कई छात्र देर रात तक मौके पर डटे रहे।
अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी
यह पूरा विवाद दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले में दूसरे संस्थान ‘ज्ञान बिंदु’ से जुड़े संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, खान सर के दो अंगरक्षकों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। इस तरह अब तक इस मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।