नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में भारत में 26 हजार से ज्यादा नए केस पाए गए हैं। जिन राज्यों में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं उसमें पंजाब भी शामिल है।
इस बीच पंजाब से एक और चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां के जालंधर, नवाशहर और शाहपुर में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिला है। इस बात की पुष्टि खुद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने की है।
नया स्ट्रेन मिलने के बाद 8 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। मोहाली, जालंधर और लुधियाना में भी नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिधू ने कहा कि वह मंगलवार को नवाशहर, जालंधर और शाहपुर जाकर स्थिति की समीक्षा करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, ”जालंधर, नवाशहर और शाहपुर में नया स्ट्रेन मिला है। मैं कल इन जगहों पर जाकर स्थिति की समीक्षा करूंगा। मोहाली, जालंधर और लुधियाना सहित कम से कम 8 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया जा चुका है।”