पटना। अपहरण के आरोप में कोर्ट में सरेंडर न किया जाने को लेकर RJD नेता व नितीश सरकार में कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह को लेकर विपक्ष हमलावर हो गई है। सीएम नीतीश कुमार पर सवाल उठाए जा रहें, वहीं दूसरी ओर ये भी कहा जा रहा है कि बिहार में जंगलराज की वापसी हो गई है।
अब इसके बचाव में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव मैदान में उतर आएँ हैं। उन्होनें कार्तिकेय सिंह पर लग रहे सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा ऐसा कोई मामला नहीं है।
आज बुधवार शाम को लालू यादव दिल्ली से पटना पहुंच रहे हैं। दिल्ली स्थित बेटी मीसा भारती के घर से एयरपोर्ट जाते वक्त लालू यादव को मीडियाकर्मियों ने घेर लिया और उनसे बिहार के मौजूदा राजनितिक घटनाक्रमों और सुशील मोदी के बयान पर सवाल पूछा।
इस पर लालू यादव ने कहा, ‘सुशील मोदी झूठा आदमी है, ऐसा कोई मामला नहीं है, ये सब गलत बात है’। आगे कहा कि हमारा एक मात्र मकसद 2024 में तानाशाही सरकार को हटाना है। जिस तरह बिहार में बीजेपी का बुरा हाल हुआ है उसी तरह 2024 में केंद्र में भी मोदी सरकार को हटाना है।
बता दें कि कार्तिकेय सिंह के खिलाफ पटना के बिहटा में राजीव रंजन उर्फ राजू बिल्डर के अपहरण का केस दर्ज है। कार्तिकेय सिंह के खिलाफ अपहरण के एक मामले में गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ था। उन्हें कल मंगलवार को ही सरेंडर करना था लेकिन उन्होंने कोर्ट में पेश होने के बजाय मंत्री पद की शपथ ली। इसी मामले को लेकर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार सवालों के घेरे में है।