जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार सुबह अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। बस में कुल 39 तीर्थयात्री सवार थे, जिनमें से करीब 30 लोग घायल हो गए। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुंड क्षेत्र में उस समय हुआ जब बस खतरनाक पहाड़ी मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और एक मकान पर जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, आईटीबीपी (ITBP), सीआरपीएफ (CRPF), सेना और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उपराज्यपाल ने भगवान शिव से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की। गौरतलब है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 2 जुलाई से शुरू हुई थी और 28 अगस्त तक चलेगी। अब तक 4.15 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा अनंतनाग के पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गांदरबल के बालटाल मार्ग से संचालित की जा रही है।