नई दिल्ली। CBI ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लातूर के एक कोचिंग संस्थान संचालक को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने मामले के प्रमुख आरोपी प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर को हिरासत में लिया है, जो लातूर स्थित आरसीसी कोचिंग संस्थान का संचालन करते हैं।
सीबीआई के मुताबिक, आरसीसी कोचिंग संस्थान की नौ शाखाएं हैं और इसका मुख्य केंद्र महाराष्ट्र के लातूर में संचालित होता है। जांच में सामने आया है कि आरोपी की करीबी पहचान एनटीए से जुड़े रसायन विज्ञान के व्याख्याता पी.वी. कुलकर्णी से थी। तलाशी के दौरान कोचिंग संस्थान और आरोपी के घर से रसायन विज्ञान का प्रश्नपत्र बरामद हुआ, जिसमें 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा से मेल खाते सवाल पाए गए।
जांच एजेंसी ने पिछले 24 घंटे के भीतर पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच जारी है। सीबीआई ने यह मामला शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की लिखित शिकायत के आधार पर 12 मई 2026 को दर्ज किया था। केस दर्ज होते ही विशेष जांच टीमें गठित की गईं और देशभर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तारियां दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से की गई हैं। एजेंसी का दावा है कि शुरुआती जांच में रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के प्रश्नपत्र लीक होने के स्रोत का पता चल गया है। साथ ही उन बिचौलियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो छात्रों से लाखों रुपये लेकर कथित तौर पर परीक्षा से पहले विशेष कोचिंग कक्षाओं में लीक प्रश्न पढ़वाने और चर्चा कराने में शामिल थे।