देश के अधिकांश हिस्से इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। उत्तर भारत, मध्य भारत और आसपास के इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले एक सप्ताह तक लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। खासकर पश्चिम राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के लिए ‘वार्म नाइट’ की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिसके चलते ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश और विदर्भ में गंभीर लू का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में सामान्य लू की स्थिति गंभीर लू में बदल सकती है। इसी वजह से इन क्षेत्रों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालात को देखते हुए दिल्ली के लिए मंगलवार और बुधवार को लू का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि 19 मई से 21 मई के बीच विशेष सावधानी बरतें और बहुत जरूरी न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें।
ओडिशा में उमस बढ़ेगी, केरल में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने ओडिशा में अगले तीन से चार दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना जताई है। वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत के लिए राहत की खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। हालांकि मानसून के आगमन की तारीख में चार दिन तक का अंतर संभव है।
केरल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में केरल और माहे के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई है। यह स्थिति दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बनी है। आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कन्याकुमारी क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों तक आगे बढ़ चुका है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जबकि त्रिशूर और पलक्कड़ को छोड़कर 10 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ लागू किया गया है। मंगलवार के लिए भी नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।