नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली प्रचंड जीत पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अपनी प्रतिक्रया दी है। नायब सिंह सैनी ने ट्वीट करते हुए कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी को अपमानित करने का काम किया,वो जब हरियाणा के नहीं हुए तो दिल्ली के कैसे होते।
आज के ऐतिहासिक दिन दिल्ली की महान जनता का अभिनंदन जिसने भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया तथा दिल्ली में कमल खिला कर प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के कुशल नेतृत्व,सामाजिक कल्याण की गारंटियों पर पक्की मुहर लगा दी।भाजपा दिल्ली को उसका गौरव और सम्मान वापस दिलाएगी। सभी कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ताओं ने जिस निष्ठा और समर्पण भाव से इस विजय के लिए काम किया है,उसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे दिग्गज चुनाव हार चुके हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी के खेमे में चारों तरफ खुशी की लहर है। रुझानों में भारतीय जनता पार्टी के खाते में 47 सीटें हैं जबकि आम आदमी पार्टी 23 सीटों पर दबदबा बनाए हुए है। वहीं कांग्रेस इस बार भी शून्य पर टिकी हुई है। पिछले चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को आठ सीटें मिली थी वहीं कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।