नई दिल्ली। भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस ने रफ्तार पकड़ ली है। देशभर में कोविड-19 के एक्टिव केस की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब यह आंकड़ा 7100 के पार पहुंच चुका है। साल 2025 की शुरुआत से अब तक देश में कोरोना से 74 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय सबसे ज्यादा असर केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली में देखने को मिल रहा है।
पिछले 24 घंटे में 306 नए मरीज, 6 की मौत
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना के 306 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, इसी अवधि में 6 लोगों की जान गई है। इनमें से 3 मौतें केरल में, 2 कर्नाटक में और 1 महाराष्ट्र में दर्ज की गई हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि इसी दौरान 929 मरीज कोरोना से स्वस्थ भी हुए हैं।
केरल और गुजरात में सबसे ज्यादा सक्रिय केस
राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति केरल की है, जहां एक्टिव केस की संख्या 2233 तक पहुंच गई है। गुजरात भी तेजी से प्रभावित हो रहा है, यहां 1223 लोग वर्तमान में कोरोना संक्रमित हैं।
दिल्ली में भी संक्रमण तेज, अब तक 8 की मौत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कोरोना संक्रमण में तेज़ी देखी जा रही है। यहां सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 757 हो गई है, जबकि इस साल अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा अन्य राज्यों की स्थिति इस प्रकार है:
पश्चिम बंगाल: 747 केस
महाराष्ट्र: 615 केस
कर्नाटक: 459 केस
उत्तर प्रदेश: 229 केस
तमिलनाडु: 204 केस
राजस्थान: 138 केस
हरियाणा: 125 केस
नए वैरिएंट से बढ़ा खतरा
कोरोना के मामलों में इस उछाल के पीछे वायरस के नए वेरिएंट को जिम्मेदार माना जा रहा है। भारत में इस वक्त सबसे ज्यादा संक्रमण JN.1 वैरिएंट से हो रहा है। इसके अलावा जिन वैरिएंट की पहचान की गई है, उनमें LF.7, XFG और NB.1.8.1 प्रमुख हैं।