हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान में सवार सभी 22 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन उड़ान के लंबे समय तक हवा में रहने से यात्रियों में डर का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह उड़ान रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे हैदराबाद से रवाना हुई थी और इसे शाम करीब 4:30 बजे हुबली पहुंचना था। हालांकि, खराब मौसम के कारण विमान वहां लैंड नहीं कर सका। अधिकारियों ने बताया कि मौसम में सुधार की उम्मीद में विमान करीब एक घंटे तक हुबली के ऊपर चक्कर लगाता रहा। इस दौरान विमान करीब तीन घंटे तक हवा में रहा, जिससे कई यात्री घबरा गए और कुछ रोने लगे। कई यात्रियों ने अपनी सुरक्षा के लिए प्रार्थना भी की।
बाद में स्थिति को देखते हुए पायलट ने सुरक्षा के तहत विमान को बेंगलुरु डायवर्ट करने का फैसला लिया। यह विमान शाम करीब 6:30 बजे बेंगलुरु में सुरक्षित उतरा। एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह का डायवर्जन एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है, जिसमें पायलट मौसम की स्थिति के आधार पर निर्णय लेते हैं। मौसम में सुधार होने के बाद रात करीब 11 बजे विमान को दोबारा हुबली के लिए रवाना किया गया।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि खराब मौसम के चलते अन्य उड़ानों पर भी असर पड़ा। मुंबई से कोल्हापुर जा रही एक उड़ान को भी गोवा की ओर मोड़ना पड़ा। सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित रही और किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।