नई दिल्ली। न्यूजक्लिक समाचार पोर्टल के एचआर विभाग के प्रमुख अमित चक्रवर्ती ने दिल्ली की एक अदालत में याचिका दायर कर आतंकवाद विरोधी कानून यूएपीए के तहत दर्ज मामले में सरकारी गवाह बनने की अनुमति मांगी है।
जानकारी के मुताबिक, चक्रवर्ती ने पिछले सप्ताह विशेष न्यायाधीश हरदीप कौर के समक्ष आवेदन देकर मामले में माफी की मांग की और दावा किया कि उनके पास महत्वपूर्ण जानकारी है जिसका वह दिल्ली पुलिस को खुलासा करना चाहते हैं, जो इस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि पोर्टल पर चीन से फंडिंग लेकर उसके पक्ष में खबरें चलाने का आरोप है।
क्या है मामला
ऑनलाइन पोर्टल न्यूजक्लिक के खिलाफ करीब तीन पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल ने UAPA (Unlawful Activities (Prevention) Act) और IPC (Indian Penal Code) की धाराओं में FIR दर्ज की थी। FIR में न्यूजक्लिक के प्रमोटरों और उससे जुड़े पत्रकारों पर चीन से फंडिंग मिलने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
पुलिस ने अपनी FIR में कहा कि ये लोग वैश्विक और घरेलू स्तर पर देश की संप्रभुता को चोट पहुंचाने के लिए पैसा लिया और प्रोपेगेंडा के तहत कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश को विवादित क्षेत्र बताया है।
पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को बाधित करने, भारत के खिलाफ असंतोष पैदा करने और एकता, अखंडता, सुरक्षा को खतरे में डालने के इरादे से साजिश के तहत विदेशी संस्थाओं द्वारा भारत में अवैध रूप से करोड़ों की विदेशी धनराशि का निवेश किया गया है।
गैर कानूनी रूप से किया धन का गबन
FIR के मुताबिक, न्यूजक्लिक के एडिटर-इन-चीफ प्रबीर पुरकायस्थ और उनके साथी जोसेफ राज, अनूप चक्रवर्ती (अमित चक्रवर्ती के भाई), बप्पादित्या सिन्हा (वर्च्यूनेट सिस्टम्स प्रा. लि. के प्रमोटर) द्वारा गैर कानूनी रूप से धन का गबन किया।
यह भी पता चला है कि इस धन को तीस्ता सीतलवाड के साथी गौतम नवलखा, जावेद आनंद, तमारा, जिब्रान, उर्मिलेश, अरात्रिका हलदर, परंजय गुहा ठाकुरता, त्रिना शंकर और अभिसार शर्मा के बीच बांटा गया था।