NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही (CBI) को जांच में बड़ा सुराग मिला है। सूत्रों के मुताबिक, लीक हुआ प्रश्नपत्र यश यादव नाम के आरोपी के जरिए राजस्थान पहुंचाया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर के बदले छात्रों से 2 लाख से 5 लाख रुपये तक वसूले गए थे। CBI की जांच में पता चला है कि यश यादव की पहचान विकास बिवाल नाम के आरोपी से थी। आरोप है कि विकास बिवाल के पिता दिनेश बिवाल ने ही प्रश्नपत्र की हार्ड कॉपी स्कैन कर उसे PDF में बदला था। इसके बाद आरोपियों ने प्रश्नपत्र को हाथ से लिखकर राजस्थान के सीकर जिले के कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों तक पहुंचाया।
जांच एजेंसी ने मामले में गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार देर रात जयपुर में मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया। CBI ने इस दौरान कई कोचिंग संस्थानों के मालिकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार, यश यादव खुद NEET परीक्षा पास नहीं कर पाया था और उसने आयुर्वेदिक मेडिकल साइंस में स्नातक किया है। वहीं आरोपी शुभम ने खुद को मुख्य साजिशकर्ता मानने से इनकार किया है।
CBI अब इस बात की जांच कर रही है कि प्रश्नपत्र सबसे पहले कहां से लीक हुआ, किन लोगों के जरिए आरोपियों तक पहुंचा और फिर छात्रों के बीच इसे कैसे फैलाया गया। जांच एजेंसी छात्रों और आरोपियों के बयान दर्ज कर रही है, साथ ही पैसों के लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। इस मामले में CBI ने 12 मई को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया था। शिकायत में NEET-UG 2026 परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोप लगाए गए थे।
इस बीच बिहार पुलिस ने भी एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो कथित तौर पर पेपर लीक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। राजगीर के DSP सुनील कुमार सिंह के मुताबिक कई मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए गए हैं, जिनमें डिजिटल सबूत और पैसों के लेन-देन से जुड़ी चैट्स मिली हैं। पुलिस ने कुछ मेडिकल कॉलेज छात्रों की पहचान भी की है, जिन पर गिरोह से जुड़े होने का शक है।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी। National Testing Agency (NTA) के अनुसार इस परीक्षा में 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5400 से ज्यादा केंद्रों पर कराई गई थी। पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है।
