प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए वैश्विक संकटों और भविष्य की चुनौतियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर दुनिया में मौजूदा हालात नहीं बदले, तो करोड़ों लोग फिर से गरीबी के दलदल में जा सकते हैं। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया लगातार नई-नई चुनौतियों का सामना कर रही है। पहले कोविड महामारी आई, फिर कई देशों के बीच युद्ध शुरू हो गए और अब ऊर्जा संकट पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बनता जा रहा है।
पीएम मोदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वैश्विक परिस्थितियों में तेजी से सुधार नहीं हुआ, तो पिछले कई दशकों में हासिल की गई उपलब्धियां प्रभावित हो सकती हैं और बड़ी आबादी दोबारा गरीबी की चपेट में आ सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में दुनिया मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन की बात कर रही है। भारत और नीदरलैंड मिलकर पारदर्शी, विश्वसनीय और भविष्य के लिए तैयार सप्लाई चेन बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि द हेग में मौजूद उत्साह और अपनापन भारत-नीदरलैंड मित्रता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट, पता और समय बदल सकता है, लेकिन मां भारती के प्रति प्रेम और भारतीय संस्कृति की गर्मजोशी हमेशा बनी रहती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भी उनकी नीदरलैंड के नेताओं से बातचीत हुई, उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय नीदरलैंड के समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है। पीएम मोदी ने नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें नीदरलैंड के राजा और रानी से मिलने का अवसर मिलेगा। साथ ही राष्ट्रपति के साथ भी कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।