जयपुर। राजस्थान में विधानसभा सत्र की शुरूआत से एक दिन पहले भजनलाल कैबिनेट में कई अहम फैसले लिए गए। राजस्थान में कई नए स्कूल खोले जाएंगे। साथ ही कोटा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा। इसके अलावा राजस्थान के कई एयरपोर्ट पर कार्गो फैसिलिटी शुरू की जाएगी। डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्यवर्धन राठौड़ और जोगाराम पटेल ने भजनलाल सरकार द्वारा कैबिनेट मीटिंग में लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी।
इसके अलावा राजस्थान की भजनलाल सरकार ने महात्मा गांधी की जीवनी पर आधारित संग्रहालय ‘गांधी वाटिका’ के संचालन और प्रबंधन के लिए पिछली गहलोत सरकार द्वारा लाए गए गांधी वाटिका ट्रस्ट अधिनियम 2023 को निरस्त करने का फैसला किया है।
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने संवाददाताओं को बताया कि इस बैठक में गांधी वाटिका ट्रस्ट अधिनियम को निरस्त करने का फैसला किया गया क्योंकि अधिनियम में कुछ खामियां थीं। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने गांधी वाटिका ट्रस्ट को ऐसे असीमित अधिकार दिए जिनकी जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि गांधी वाटिका का संचालन जारी रहेगा। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पिछले सात 23 सितंबर को जयपुर के सेंट्रल पार्क में बनी ‘गांधी वाटिका’ का लोकार्पण किया था।
नई पीढ़ी को महात्मा गांधी के विचारों से परिचित कराने के लिए 85 करोड़ रुपए की लागत से यह गांधी वाटिका की विषय वस्तु गांधीवादी विचारकों की समिति के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। उद्योग मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि कोटा में ‘ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट’ बनाया जाएगा तथा साथ ही किशनगढ़, भीलवाड़ा और झालावाड़ में फ्लाइंग स्कूल खोले जाएंगे और जयपुर में एयरपोर्ट के पास ‘एयरोसिटी’ विकसित की जाएगी।