रायबरेली में बुधवार को आयोजित जनसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि BJP-RSS ने देश और संविधान को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से कहा कि जब भी BJP-RSS के लोग सामने आएं तो उनसे खुलकर कहिए कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने देश को बेचने का काम किया है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि BJP-RSS ने संविधान, महात्मा गांधी, बाबा साहेब अंबेडकर और वीर पासी जैसे महापुरुषों के विचारों पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसका असर आम जनता पर पड़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश का आर्थिक सिस्टम बड़े उद्योगपतियों के हाथों में सौंप दिया है। उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे भी बड़े कारोबारी घरानों को फायदा पहुंचाने की नीति काम कर रही है। राहुल ने आरोप लगाया कि रूस से सस्ता तेल खरीदकर विदेशों में बेचा जा रहा है और उससे होने वाले मुनाफे का इस्तेमाल राजनीतिक फंडिंग में हो रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले जनता से वादा किया गया था कि पेट्रोल और गैस के दाम नहीं बढ़ेंगे, लेकिन अब लगातार कीमतें बढ़ रही हैं और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी की भाषा देश और जनता का अपमान करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में देश विरोधी सोच को बढ़ावा दे रही है। बीजेपी ने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।