नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के आसपास बड़े कारोबारी केंद्र विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। यह केंद्र चीन के मशहूर कारोबारी शहर यीवू की तर्ज पर बनाया जाएगा, जहां दुनिया भर के उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होते हैं। योजना के तहत यहां ऐसा आधुनिक व्यापारिक हब तैयार किया जाएगा, जो देश और विदेश के खरीदारों के लिए बड़ा आकर्षण बनेगा।
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मास्टर प्लान के मुताबिक औद्योगिक सेक्टर-7, 8 और 8ए में तीन बड़े व्यावसायिक केंद्र विकसित किए जाएंगे। हर केंद्र करीब 20-20 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा। इन केंद्रों में दुकानों और शोरूम को स्थायी आवंटन की बजाय किराए पर दिया जाएगा, ताकि बाजार की मांग के अनुसार उत्पादों में आसानी से बदलाव किया जा सके। सूत्रों के मुताबिक एक बड़ी कंपनी ने इंटरनेशनल ट्रेड और बिजनेस सेंटर विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव YEIDA को सौंप दिया है। जल्द ही इस प्रस्ताव का प्रेजेंटेशन किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद परियोजना पर काम शुरू होगा।
इन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और परिधान, फर्नीचर, घरेलू उपयोग के सामान समेत कई तरह के उत्पाद उपलब्ध होंगे। इसके अलावा ODOP योजना के तहत तैयार स्थानीय उत्पादों को भी यहां खास जगह दी जाएगी, जिससे स्थानीय कारोबारियों और कारीगरों को बड़ा बाजार मिल सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि किराए पर आधारित मॉडल ज्यादा प्रभावी रहेगा। इससे किसी उत्पाद की मांग कम होने पर उसकी जगह नया उत्पाद आसानी से लाया जा सकेगा। स्थायी आवंटन में यह प्रक्रिया काफी जटिल हो जाती है।
जेवर एयरपोर्ट के पास होने की वजह से यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और यात्रियों के लिए भी बेहद सुविधाजनक होगा। एयरपोर्ट से उतरते ही लोग सीधे इस आधुनिक बाजार तक पहुंच सकेंगे। माना जा रहा है कि यह परियोजना जेवर और आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने के साथ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी।