दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस अग्निकांड में अब तक कम से कम 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने में जुटा है। इस हादसे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस दर्दनाक घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों को पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा सांसद नवीन जिंदल ने भी घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग अंदर ही फंस गए। दमकल विभाग और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान चलाया और करीब 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।