देश के अधिकांश हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। पूरे उत्तर भारत में लू और तेज तापमान से लोगों का हाल बेहाल है, लेकिन सोमवार रात से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में अगले तीन दिनों के लिए धूल भरी आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार रात धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने मंगलवार से गुरुवार तक गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। फिलहाल दिल्ली में तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, लेकिन बारिश के बाद इसमें गिरावट आने की संभावना है।
मंगलवार के लिए न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश और तेज हवाओं के चलते भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। 30 अप्रैल तक दिल्ली-एनसीआर में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जिसमें विशेष रूप से 29 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं उत्तर प्रदेश में भी गर्मी और लू का असर जारी है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में लू की चेतावनी दी है, हालांकि अगले 1–2 दिनों में कुछ इलाकों में तेज हवाओं और हल्की बारिश के आसार भी हैं।
मौसम में इस बदलाव की वजह बताते हुए स्काईमेट के विशेषज्ञ महेश पलावत ने कहा कि मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान और हरियाणा में बारिश शुरू होकर दिल्ली तक पहुंचेगी और 30 अप्रैल तक सक्रिय रह सकती है।
इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में पूरे सप्ताह बारिश का अनुमान है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश के चलते जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 2 मई के बीच और मध्य व दक्षिण भारत में 27 अप्रैल से 1 मई के दौरान आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिससे भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।