नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) गठबंधन पर अटकलें लगाई जा रहीं थी। वहीं, अब अरविंद केजरीवाल ने इन खबरों का खंडन कर दिया है। केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है। आम आदमी पार्टी दिल्ली में यह चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गठबंधन की तमाम खबरों को गलत साबित करते हुए ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा है, “दिल्ली में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।
कांग्रेस को 15 सीटें देने की थी चर्चा
इससे पहले सूत्रों ने बताया था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में गठबंधन के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सहमति अंतिम चरण में है। कांग्रेस को 15 सीटें, इंडिया गठबंधन के अन्य गठबंधन सदस्यों को 1-2 और बाकी सीटें आप को मिलेंगी। खबर ये भी आई थी कि दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं की एक बैठक भी हुई जिसके बाद ये कयास लगने और तेज हो गए कि दिल्ली में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो सकता है।
पहले भी कर चुके हैं इनकार
बता दें कि इससे पहले भी अरविंद केजरीवाल दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के साथ गठबंधन से इनकार कर चुके हैं। लेकिन एक बार फिर दोनों दलों के बीच गठबंधन की खबरों ने तूल पकड़ा। वहीं अब अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के साथ अलायंस की किसी भी संभावना को खारिज कर दिया है।
Aam aadmi party will be fighting this election on its own strength in Delhi. There is no possibility of any alliance with congress. https://t.co/NgDUgQ8RDo
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) December 11, 2024