चंडीगढ़। पंजाब सरकार को बड़ा झटका देते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कैबिनेट मंत्री Sanjeev Arora के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास पर आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापेमारी की थी. कई घंटों चली इस कार्रवाई के बाद ईडी ने मंत्री संजीव आरोपी को अरेस्ट कर लिया है
सुबह-सुबह मंत्री आवास पहुंची ED टीम
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7:25 बजे ED की टीम चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर पहुंची। बताया जा रहा है कि करीब 20 वाहनों के काफिले के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। सुरक्षा के लिए CIA और स्पेशल फोर्स के जवान भी तैनात किए गए थे।
सूत्रों के मुताबिक, यह पिछले एक साल में तीसरी बार है जब संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की गई। वहीं, एक महीने के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
कई शहरों में एक साथ कार्रवाई
ED ने चंडीगढ़, गुरुग्राम और दिल्ली समेत कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की। जांच एजेंसी की टीम ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के दफ्तरों और मंत्री से जुड़े परिसरों में दस्तावेजों की जांच की।
क्या हैं आरोप?
सूत्रों के अनुसार, संजीव अरोड़ा पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के कथित फर्जी GST बिलिंग नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि मोबाइल फोन कारोबार से जुड़े फर्जी बिलों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत फायदा लिया गया।
इसके अलावा, उन पर मनी लॉन्ड्रिंग, दुबई के जरिए कथित ‘राउंड ट्रिपिंग’, GST रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक में गड़बड़ी जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। जांच में औद्योगिक जमीन को आवासीय प्रोजेक्ट में बदलकर सरकारी नुकसान पहुंचाने और अवैध सट्टेबाजी के पैसों को रियल एस्टेट में लगाने की आशंका भी जताई गई है।
बताया जा रहा है कि ED ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल एजेंसी दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।