कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने एक बार फिर “अपनी परंपरा” निभाई है।
संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पहले जिन नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती है, बाद में उन्हीं नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर बड़े पद दे देती है। उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ कभी भाजपा ने ही भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा अभियान चलाया था।
‘भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाली BJP ने बनाया मुख्यमंत्री’
संजय राउत ने कहा कि कुछ साल पहले भाजपा के नेता और कार्यकर्ता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे थे। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक मंचों तक उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाते थे।
उन्होंने दावा किया कि उस समय अधिकारी के खिलाफ कई गंभीर आरोपों को लेकर भाजपा खुलकर हमलावर थी और केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को भी मुद्दा बनाया गया था। राउत ने कहा कि बाद में वही नेता भाजपा में शामिल हुए और अब उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया गया।
‘बाहर से आए नेताओं को बड़े पद देने की परंपरा’
शिवसेना नेता ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी में दूसरे दलों से आने वाले नेताओं को बड़े पद देने की परंपरा लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस बार भी उसी लाइन पर चलते हुए शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल की कमान सौंप दी।
बंगाल में पहली बार BJP सरकार
दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार राज्य में सरकार बनाने का रास्ता साफ किया है। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराने के बाद शुभेंदु अधिकारी भाजपा के सबसे बड़े चेहरे बनकर उभरे थे। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें विधायक दल का नेता चुनते हुए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी।