बुलंदशहर| उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब वैष्णो देवी दर्शन कर लौट रहा परिवार बाइक से अपने गांव वापस जा रहा था। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दंपति और उनके तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही जान चली गई।
वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव धानेरा कीरत निवासी उत्तम सिंह अपनी पत्नी उर्मिला और तीन बच्चों के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे थे। परिवार खुर्जा में अपने रिश्तेदार के यहां रुका था और शुक्रवार दोपहर बाइक से गांव वापस जा रहा था।
इसी दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र के भैंसोली मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन मासूम बच्चों की भी गई जान
इस दर्दनाक हादसे में उत्तम सिंह, उनकी पत्नी उर्मिला, बेटा निशांत और दो बेटियां दिशा व अनायरा की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद चालक फरार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका उर्मिला के भाई ने बताया कि पूरा परिवार धार्मिक यात्रा से बेहद खुश होकर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।