कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह द्वारा उनके नाम की आधिकारिक घोषणा के बाद आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उनका शपथ ग्रहण होना है। लेकिन राजनीतिक हलकों में जहां उनकी जीत की चर्चा है, वहीं सोशल मीडिया पर उनकी सादगी और संपत्ति का ब्योरा भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।
हलफनामे में सामने आई संपत्ति की जानकारी
2026 विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी की कुल संपत्ति करीब 85.87 लाख रुपये बताई गई है। दिलचस्प बात यह है कि उनके नाम पर कोई लग्जरी कार दर्ज नहीं है और न ही उनके पास सोना-चांदी या महंगे आभूषण हैं। हलफनामे के अनुसार, नामांकन दाखिल करते समय उनके पास केवल 12 हजार रुपये नकद थे। वहीं, उन पर किसी भी प्रकार का बैंक लोन या कर्ज भी नहीं है।
2021 के मुकाबले घटी संपत्ति
संपत्ति के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2021 विधानसभा चुनाव की तुलना में उनकी कुल संपत्ति में कमी दर्ज की गई है। उस समय उनकी चल और अचल संपत्ति करीब 1.10 करोड़ रुपये बताई गई थी। जानकारी के मुताबिक, उस दौरान उनके बैंक खातों में लगभग 50 लाख रुपये जमा थे, जो अब कम हो चुके हैं।
भवानीपुर में ममता को हराकर बने सबसे बड़े चेहरे
सुवेंदु अधिकारी इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सबसे बड़े चेहरों में उभरकर सामने आए। उन्होंने भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इसके अलावा नंदीग्राम सीट पर भी उन्होंने जीत दर्ज की।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ममता बनर्जी के खिलाफ उनकी आक्रामक रणनीति और चुनावी प्रदर्शन ने उन्हें भाजपा नेतृत्व की पहली पसंद बना दिया। भाजपा विधायक दल की बैठक में अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मौजूदगी में उन्हें नेता चुना गया।
बंगाल में पहली बार BJP सरकार
पश्चिम Bengal में भाजपा ने इस बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार सरकार बनाने का रास्ता साफ किया है। ऐसे में सुवेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री बनना राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।