कानपुर। कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक होजरी व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। व्यापारी का खून से लथपथ शव हाता इलाके स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान शिवाला निवासी 42 वर्षीय विजय कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। विजय इलाके में अंडरगारमेंट्स की दुकान चलाते थे और स्थानीय व्यापारियों के बीच अच्छी पहचान रखते थे।
परिजनों ने लगाया साजिश का आरोप
मृतक के भाई अजय चौरसिया के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8 बजे परिवार को सूचना मिली कि विजय एक मकान में घायल अवस्था में पड़े हैं। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो विजय गंभीर हालत में मिले और उनके सिर के पीछे से काफी खून बह रहा था। आनन-फानन में उन्हें उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाला विशाल गुप्ता उर्फ विशाल बाबा, जो एक रेस्टोरेंट संचालक का बेटा बताया जा रहा है, विजय को किसी बहाने से अपने साथ लेकर गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर विजय को उस मकान की दूसरी मंजिल पर क्यों ले जाया गया और घटना के पीछे की वजह क्या थी। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है।
एडीसीपी शिवा सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। परिजनों से मिली तहरीर और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।