पंजाब में गेहूं की कटाई का सीजन शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल और डीएपी खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। राज्य में इस बार करीब 140 लाख मीट्रिक टन गेहूं उत्पादन की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने और वर्चुअल बैठक में हिस्सा लेने का जिक्र करते हुए कहा कि तेल की आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा देश की खाद्य सुरक्षा को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कूटनीतिक माध्यमों के जरिए तेल और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपील भी की।
जनता को आश्वस्त करते हुए सीएम मान ने कहा कि राज्य में फिलहाल 12 से 14 दिनों का पेट्रोल-डीजल और लगभग 6 दिनों का एलपीजी स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि देश के पास भी पर्याप्त भंडार है और सप्लाई लगातार जारी है, इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि हाल के दिनों में एलपीजी रिफिल के लिए आए 71 हजार आवेदनों में से 69 हजार की डिलीवरी की जा चुकी है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब में लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है और सभी गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
जमाखोरी पर सख्ती बरतते हुए राज्य सरकार ने करीब 1,500 स्थानों पर छापेमारी कर 301 अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और उद्योगों के लिए ईंधन व खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-3321001 जारी किया गया है।
उन्होंने यह भी मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी रिफिल की अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन की जाए। धान की बुवाई एक जून से शुरू होने को देखते हुए डीएपी खाद की आपूर्ति को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश की खाद्य जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य के गोदामों में पर्याप्त मात्रा में गेहूं और धान उपलब्ध है, जिसे देशभर में भेजा जा सकता है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स में कमी के फैसले का स्वागत करते हुए इसे जनता के हित में बताया।