बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया है एक बार फिर पाला बदलते हुए नीतीश कुमार बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के साथ नई सरकार का दावा पेश करने राजभवन के लिए रवाना हो गए। वो शाम तक एनडीए के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शपथ ग्रहण में शामिल हो सकते हैं। इसी के साथ बिहार में महागठबंधन टूट गया। इस घटनाक्रम से विपक्षी इंडी गठबंधन के सबसे बड़ा झटका लगा है।
सीएम नीतीश कुमार पहुंचे राजभवन
सीएम नीतीश कुमार राजभवन पहुंच गए। वह सीएम हाउस से निकलकर सीधे राजभवन पहुंचे। उनके साथ बिहार सरकार के मंत्री और जदयू के वरीय नेता विजेंद्र यादव भी मौजदू हैं।
राजभवन के बाहर भारी सुरक्षा तैनात
पटना में राजभवन के बाहर भारी सुरक्षा तैनात की गई है। सीएम नीतीश कुमार के आवास पर जेडीयू की बैठक चल रही है। इस बीच प्रदेश पार्टी कार्यालय में बीजेपी विधायक दल की बैठक चल रही है।
पटना में सीएम आवास की किलेबंदी, भारी तादाद में पुलिस फोर्स ने संभाला मोर्चा
बिहार में सियासी घटनाक्रम तेज, पटना में सीएम आवास की किलेबंदी, चिड़ियाघर से आने वाले रास्ते की बैरिकेडिंग, नीतीश आवास की भी पूरी तरह से बैरिकेडिंग की गई। पुलिस फोर्स ने भारी तादाद में मोर्चा संभाला।