प्रयागराज। प्रयागराज से महाकुंभ में शामिल होकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस मध्य प्रदेश के जबलपुर में सिहोरा के पास भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर सिहोरा कस्बे के पास सुबह करीब 8.30 बजे हुई। उन्होंने बताया कि ट्रक और मिनी बस की टक्कर में आंध्र प्रदेश के सात लोगों की मौत हो गई। ये सभी लोग महाकुंभ में स्नान कर वापस लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, ये भयानक हादसा आज सुबह करीब 9:15 बजे एनएच-30 पर हुआ। इस हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार की आवाजें सुनाई देने लगी।
बताया जा रहा है कि सीमेंट से भरा ट्रक गलत दिशा से आ रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। बस में मौजूद सभी लोग आंध्र प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि अभी भी यात्री बस में फंसे हुए हैं जिन्हें प्रशासन और पुलिस की मदद से निकालने की कोशिश कर रहे हैं।