भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को दिल्ली दौरे पर हैं। मोहन यादव प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में प्रस्तावित नीति आयोग की बैठक में हिस्सा लेंगे। नीति आयोग की बैठक से पहले सीएम मोहन यादव ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से पूरे देश पर ध्यान दिया जा रहा है, दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। मध्य प्रदेश भी आगे बढ़ना चाहता है। मैं प्रदेश की ओर से बैठक में शामिल हो रहा हूं। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी काम सफलता की ओर आगे बढ़ेंगे। सीएम रात्रि विश्राम दिल्ली में ही करेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव विभिन्न योजनाओं में प्रदेश की उपलब्धि बताएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री कान्क्लेव में सभी मुख्यमंत्रियों से हितग्राहियों से जुड़ी योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया जाएगा। साथ ही बजट में इनके लिए किए प्रविधान पर भी चर्चा होगी।
आयुष्मान भारत योजना में 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को शामिल करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के नए दिशानिर्देश, किसान क्रेडिट कार्ड का दायरा बढ़ाने, स्वनिधि योजना को आगे जारी रखने, एक पेड मां के नाम अभियान को लेकर चर्चा की जाएगी। प्रदेश में पांच करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इंदौर में एक दिन में सर्वाधिक पौधे लगाने का रिकार्ड बनाया जा चुका है।