चंद्रपुर| महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां जंगल में तेंदू पत्ता इकट्ठा करने गई चार महिलाओं की बाघ के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही गांव के पास हुई। गांव की कुछ महिलाएं जंगल में तेंदू पत्ता तोड़ने गई थीं, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से बीड़ी बनाने में किया जाता है। इसी दौरान अचानक एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में चार महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई।
मृतकों की पहचान कावड़ाबाई मोहुर्ले (45), अनिताबाई मोहुर्ले (40), सुनीता मोहुर्ले (38) और संगीता चौधरी (50) के रूप में हुई है। सभी महिलाएं गुंजेवाही गांव की निवासी बताई जा रही हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाघ ने सभी महिलाओं पर एक साथ हमला किया या अलग-अलग स्थानों पर उन्हें निशाना बनाया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
मुख्य वन संरक्षक R M Ramanujan ने बताया कि अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचनामा और शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में डर का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से फिलहाल जंगल की ओर न जाने की अपील की है।