पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi को अपने हाथ की बनी झालमुड़ी खिलाकर चर्चा में आए स्थानीय दुकानदार बिक्रम साऊ अब कथित तौर पर धमकियों से परेशान हैं। दुकानदार का दावा है कि उन्हें और उनके परिवार को विदेशी नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल और वीडियो कॉल किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना 19 अप्रैल की है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी सभा के लिए झाड़ग्राम पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनका काफिला लौट रहा था, तभी पीएम अचानक सड़क किनारे झालमुड़ी बेचने वाले बिक्रम साऊ की दुकान पर रुक गए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनसे बातचीत की और झालमुड़ी भी खाई।
इस घटना के बाद बिक्रम साऊ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। देखते ही देखते उनकी दुकान पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और वह इलाके में चर्चा का विषय बन गए। लेकिन अब यही लोकप्रियता उनके परिवार के लिए चिंता का कारण बन गई है।
बिक्रम साऊ का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार कॉल आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
धमकी मिलने के बाद दुकानदार और उनका परिवार डर के माहौल में जी रहा है। मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आ रही इन कॉल्स ने इलाके में भी चिंता बढ़ा दी है।