नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात पिछले 14 वर्षों में मई की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। राजधानी में कई इलाकों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात का पारा भी 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक है। यह तापमान पिछले दिन के मुकाबले 3.6 डिग्री ज्यादा रहा। इससे पहले मई महीने में इतनी गर्म रात साल 2012 में दर्ज की गई थी, जब न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
राजधानी के कई इलाकों में दिन का तापमान लगातार 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। आया नगर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लोधी रोड और पालम में पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि 22 से 27 मई तक राजधानी में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ जैसे इलाकों में लोगों की आवाजाही कम हो गई है। बाहर से आए पर्यटकों का कहना है कि दिल्ली की गर्मी इस बार बेहद परेशान करने वाली है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, गर्मी और लू के कारण हीट स्ट्रोक के मामले भी सामने आने लगे हैं। गुरुवार को दो लोगों को हीट स्ट्रोक के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें एक मरीज की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सीधी धूप से बचने की सलाह दी है।
उधर, बढ़ती गर्मी का असर बिजली खपत पर भी दिख रहा है। दिल्ली में गुरुवार को बिजली की अधिकतम मांग 8231 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस महीने अब तक की सबसे ज्यादा रिकॉर्ड की गई मांग है।