भोजपुर। बिहार के भोजपुर में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई है कि भरत तिवारी को एक या दो नहीं, बल्कि कुल पांच गोलियां लगी थीं। रिपोर्ट के अनुसार, पहली गोली बाएं जांघ के ऊपरी हिस्से में सामने से लगी, जबकि दूसरी गोली बाएं जांघ के मध्य भाग में भीतर की तरफ लगी। तीसरी गोली दाहिनी जांघ के बीच वाले हिस्से में भीतर लगी बताई गई है।
इसके अलावा चौथी गोली दाहिनी जांघ में बाहरी हिस्से से अंदर की ओर और पांचवीं गोली बाएं पैर के मध्य भाग में पीछे की ओर से लगी थी। इस खुलासे के बाद एनकाउंटर की पूरी कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं। भरत तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर को लेकर बिहार की राजनीति में लगातार घमासान मचा हुआ है। विपक्ष इस मामले में सरकार को घेरते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
वहीं इस मामले पर सरकार की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि भोजपुर की घटना को सरकार ने गंभीरता से लिया है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक आयोग का गठन किया गया है। उन्होंने साफ कहा कि यदि जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को समय पर न्याय और प्रशासनिक राहत देना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 30 दिनों के भीतर आदेश का पालन नहीं होता है तो 31वें दिन संबंधित अधिकारी को सीधे निलंबित करने का आदेश मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी किया जाएगा।